यादों के झरोखे भाग २५
डायरी दिनांक ०८/१२/२०२२
शाम के छह बजकर पंद्रह मिनट हो रहे हैं ।
मनुष्य के जीवन के धन संपत्ति का एक आवश्यक महत्व है। पर कई बार ऐसी घटनाएं सुनने को मिल जाती हैं कि मानों धन संपत्ति के अतिरिक्त किसी अन्य का कोई महत्व ही नहीं है। आज की डायरी में ऐसी ही एक घटना का उल्लेख करना चाहता हूं जो कि विगत कई दिनों से मेरे मस्तिष्क पर छायी हुई है।
घटना एटा की है। जबकि मंगलवार को एक यात्री की बस स्टैंड के पास मृत्यु हो गयी। हो सकता है कि वह पहले से बीमार हों। क्योंकि वह फर्रुखाबाद जाने बाली गाड़ी में बैठे थे, इसलिये उनका फर्रुखाबाद से संबंध होना तो आवश्यक लग रहा था।
पुलिस ने उनका पोस्टमार्टम कराया। साथ ही साथ उनके सामान से मिले स्रोतों से उनका पता लगाया। ज्ञात हुआ कि वह फर्रुखाबाद के किसी गाँव के निवासी थे। अविवाहित थे। उन्होंने अपनी सारी भूमि आदि पहले ही बेच दिया था। इस कारण उनके भाई भतीजे आदि उनसे रुष्ट थे। वह अपने गांव में रहते भी कम थे। तथा तीर्थ यात्रा आदि में व्यस्त रहते थे।
पोस्टमार्टम के बाद उनका शव भी अंतिम संस्कार के लिये परिजनों ने नहीं लिया। इस विषय में भाई भतीजों का दृष्टिकोण अधिक संकीर्ण हो सकता है। पर आश्चर्य की बात रही कि पुलिस ने पता लगाकर उनकी बहन से भी शव का अंतिम संस्कार कराने का अनुरोध किया। पर उस बहन ने भी अपने भाई का शव लेने से मना कर दिया। मानों उस व्यक्ति ने अपने हिस्से की संपत्ति खुद पर और तीर्थयात्रा आदि में खर्च कर कोई ऐसा अक्षम्य पाप कर दिया हो कि उसका शव भी सभी के अस्पृह बन गया हो।आखिर पुलिस ने ही एक समाजसेवी संस्था के सहयोग ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
ऐसी घटनाओं को पढकर अक्सर मन दुखी हो जाता है। वैसे हमारे धार्मिक ग्रंथों में अंतिम संस्कार और उसके बाद की क्रियाओं का विशेष उल्लेख किया गया है। उसके बाद भी यह किसी व्यक्ति के हाथ का विषय नहीं है। कोई भी व्यक्ति अपने किये कर्मों का जिम्मेदार हो सकता है। परिजनों ने उसकी मृतक क्रिया को किस प्रकार पूर्ण किया है, इस कारण उसकी गति तय नहीं हो सकती है, ऐसा मेरा विचार है।
आज धारावाहिक जिंदगी की कहानी का साठवां भाग लिखकर प्रकाशित कर दिया है। अब जितने भाग और लिखते जायेंगें, वह बोनस ही है। देखता हूं कि मैं इस धारावाहिक को सौ भागों तक लिख पाता हूं या नहीं।
अभी के लिये इतना ही। आप सभी को राम राम ।
Gunjan Kamal
17-Dec-2022 02:23 PM
👏👌🙏🏻
Reply