Add To collaction

वसंत

*वसंत*
             ऋतुराज
हे वसंत ऋतुराज!तुम्हारा स्वागत है,
कोयल-कूक, भ्रमर-मृदु गुंजन।
दें तुमको आवाज़-तुम्हारा स्वागत है।।

फूल खिल गए गुलशन-गुलशन,
जिन पर करें तितलियाँ नर्तन।
बजे गीत के साज़-तुम्हारा स्वागत है।।

प्रकृति अनोखी सजी हुई है,
आम्र-मंजरी लदी हुई है।
हुआ प्रीति आगाज़-तुम्हारा स्वागत है।।

फूली सरसों छटा बिखेरे,
सजी धरा को लखें चितेरे।
मनमोहक महि-लाज-तुम्हारा स्वागत है।।

थलचर-जलचर-नभचर सब में,
सर-सरिता-पर्वत-उपवन में।
रति-अनंग-साम्राज्य-तुम्हारा स्वागत है।।

तुम प्रतीक मधुमास सुहावन,
प्रेमी-प्रेयसि के मनभावन।
हो तुमहीं सरताज-तुम्हारा स्वागत है।।

तुम्हीं नियंता सब ऋतुओं के,
हो अभियंता रस-तत्त्वों के।
दस दिशि तेरा राज-तुम्हारा स्वागत है।।

मगन-मुदित जग हो पा तुमको,
मिलता सुख असीम है सबको।
खग-मृग सकल समाज-तुम्हारा स्वागत है।।
हे वसंत ऋतुराज!तुम्हारा स्वागत है ।।
                 ©डॉ0हरि नाथ मिश्र
                  9919446372
                   अयोध्या,उ0प्र0।

   9
2 Comments

Renu

27-Jan-2023 03:26 PM

👍👍🌺

Reply